मंगलवार की सुबह आक्रोशित किसानों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ किया प्रदर्शन
सूचना पर पहुंचे एसडीओ और जेई को बंधक बनाकर सुनाई खरीखोटी
एसडीओ के जांच कर मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ही किसान शांत हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग पर सोमवार की रात आई आंधी में 12 हजारी पीर के पास बिजली का खंभा टूटकर गिर गया। इससे उठी चिंगारी से पांच किसानों की 15 बीघे ईख और साढ़े छह बीघे गेहूं की फसल जल गई। मंगलवार को आक्रोशित किसानों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुुंचे एसडीओ और जेई को बंधक बनाकर जमकर खरीखोटी सुनाई। मामला बढ़ता देख एसडीओ ने जांच कर मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
थांबेदार चौधरी ब्रजपाल सिंह ने बताया कि सोमवार रात आई आंधी के कारण बिजली का खंभा टूट गिर गया। इसके तारों से उठी चिंगारी से किसान विपिन पुत्र गिरीलाल की नौ बीघा, सुखबीर पुत्र यशपाल की छह बीघा, कृष्णपाल की चार बीघा, पप्पन की ढाई बीघा फसल गई। किसानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मंगलवार की सुबह किसानों दीपेश तोमर, गौरव तोमर, महक सिंह, पिंटू तोमर, दीपेश तोमर, सुरेश, महिपाल, सुरेंद्र ने इस मामले को लेकर ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना पर एसडीओ लवकुश और जेई रविन्द्र मौके पर पहुंचे। आक्रोशित किसानों ने उन्हें बंधक बनकर खरी-खोटी सुनाई। एसडीओ ने किसानों को आश्वासन दिया कि जली फसल की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। तब जाकर किसान शांत हुए। इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
आंधी से गेहूं की फसल में आग लगी
दाहा। आंधी में बिजली के तारों की चिंगारी निकलने से तमेलागढ़ी के राजेंद्र पुत्र हरपाल की गेहूं की फसल में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, मगर तक तक उसकी तीन बीघा फसल जल गई। उसने प्रशासन से फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।