बागपत। डीएम राजकमल यादव ने सोमवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएचसी में उपचार कराने वाले मरीजों से बात करके व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने मिशन इंद्रधनुष का उद्घाटन किया और बच्चों को ड्रॉप्स पिलाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए।
कोरोना संक्रमण के कारण जिले के 6565 बच्चे और 1453 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण छूट गया था। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण से छूटे बच्चे और महिलाओं का सर्वे कराया गया था। सोमवार को मिशन इंद्रधनुष टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। डीएम राजकमल यादव ने अभियान का उद्घाटन कर शत-प्रतिशत बच्चों व महिलाओं का टीकाकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बागपत सीएचसी का निरीक्षण कर उपचार करा रहे मरीजों से उनके स्वास्थ्य और उपचार के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को अस्पताल में आने वाले मरीजों के उपचार में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपा सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुजवीर सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत, डीएमसी कोर एड्रा फसीउर रहमान, अधिशासी अधिकारी ललित कुमार मौजूद रहे।