बागपत। जिले की 72 ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों का निर्माण लटकने से विकास कार्य भी अटक गए हैं। जब तक पंचायत घरों का निर्माण नहीं होगा, तब तक गांव में अन्य विकास कार्य भी नहीं कराए जाएंगे। अपर मुख्य सचिव ने सभी ग्राम पंचायतों में प्रमुखता के आधार पर पंचायत घरों का निर्माण कराने व निर्माण पूर्ण न होने तक अन्य विकास कार्य न कराने के निर्देश दिए है।
शासन ने जिले की 244 ग्राम पंचायतों में पंचायत घरों का निर्माण कराने के निर्देश दिए थे। इनमें 172 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका और 72 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य जारी है। ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव शासन के निर्देशों को लेकर लापरवाही बरत रहे है और निर्माण कार्य की ओर ध्यान नहीं दे रहे है। अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग व डीपीआरओ को पत्र भेजकर पंचायत भवनों का प्राथमिकता पर निर्माण कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने पंचायत भवन का निर्माण पूरा नहीं होने तक अन्य विकास कार्य न कराने के निर्देश दिए है।
सामुदायिक शौचालयों का होगा थर्ड पार्टी सत्यापन
डीपीआरओ बनवारी लाल ने बताया कि शासन ने सामुदायिक शौचालयों का थर्ड पार्टी सत्यापन कराने के निर्देश दिए है। सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में अनियमितता मिलने पर पंचायत सचिव को उत्तरदायित्व मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायतों में तैयार होगा नागरिक चार्टर
बागपत। मेरी पंचायत मेरा अधिकार जन सेवाएं हमारे द्वार योजना के तहत अब प्रत्येक ग्राम पंचायत का अपना नागरिक चार्टर तैयार किया जाएगा। सभी ग्राम पंचायतों में फैसीलेटर की नियुक्ति की जाएगी। सिटीजन चार्टर में ग्राम पंचायत का संकल्प और मिशन, सेवा का नाम, विवरण, समय अवधि, कार्मिक का नाम एवं संपर्क सेवा के मानक और प्रक्रिया, शिकायत निवारण प्रणाली एवं उच्च अधिकारी का विवरण को शामिल किया जाएगा। डीपीआरओ बनवारी ने बताया कि 12 अगस्त को ग्राम पंचायत की बैठक में सिटीजन चार्टर अंतिम रुप दिया जाएगा और 15 अगस्त को ग्राम सभा अनुमोदित सिटीजन चार्टर का प्रकाशन करेंगी। जिले की सभी ग्राम पंचायतों को सिटीजन चार्टर को लागू करने के निर्देश दिए गए है।