बागपत। शासन ने नगर निकायों के लिए 15वें वित्त आयोग के बजट की द्वितीय किस्त जारी कर दी है। नगर पालिका परिषद बागपत को शहर में विकास कार्य कराने के लिए तीन करोड़ रुपये मिले है। इससे शहर में जल्द ही पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता तथा सड़कों के निर्माण संबंधी कार्य शुरू होंगे।
15वें वित्त आयोग के बजट से टाइड तथा अनटाइड मदों की द्वितीय किस्त मिलने से बागपत शहर में शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति के लाइनों का निर्माण, स्वच्छता के लिए ठोस अपशिष्ट और अपशिष्ट जल प्रबंधन, सड़कों तथा पुलियों का निर्माण कराया जा सकेगा। सामुदायिक भवन व खेल मैदान, पार्क विकसित करने तथा अंत्येष्टि स्थल की मरम्मत कराने जैसे काम कराए जा सकेंगे। वर्षा जल संचयन के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करा सकेंगे। बागपत शहर में कई सड़कें टूटी तो कई बस्तियों में पानी नहीं पहुंचना आम बात हो गई। कई बस्तियों में प्रकाश व्यवस्था नहीं। अब बजट मिलने से शहर के लोगों की समस्या हाल होने से सुविधा मिलेगी। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने कहा कि बजट मिल गया है जिसे शहर के विकास पर खर्च किया जाएगा।