मंगलवार को मिले तीन मरीज, 340 पहुंचा डेंगू के मरीजों का आंकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। तापमान कम होने के बाद भी जिले में डेंगू का कहर कम नहीं हो रहा है। जिले में लगातार डेंगू के मरीज मिल रहे है। मंगलवार को भी जिले में डेंगू के तीन मरीज मिले है। अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 340 हो गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि तापमान कम होने के कारण डेंगू के मरीजों में कमी आई है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान दस डिग्री रहा।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ सुरुचि शर्मा का कहना है कि तापमान में कमी आने के कारण पिछले तीन दिन में डेंगू के मरीजों में कमी आई है। पिछले तीन दिन में जिला अस्पताल में कराई गई जांचों में एक भी मरीज डेंगू का नहीं मिला है। मंगलवार को तीन लोगों में मेरठ में डेंगू की पुष्टि हुई है। अब जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 340 हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कराई जा रही है। घर के आस-पास स्वच्छता रखने के साथ-साथ पानी एकत्रित न होने देने और नालियों में केरोसीन का छिड़काव करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग व एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।