संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सैदपुर के ग्रामीणों ने गांव के नरसिंह देव शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड से भुगतान कराने की मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कलक्ट्रेट प्रभारी को ज्ञापन को सौंपे ज्ञापन में शीघ्र भुगतान न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों का कहना था कि सैदपुर गांव में श्री नरसिंह देव शुगर मिल प्राइवेट लिमिटेड का संचालन किया जा रहा है। मिल पर 900 किसानों का करीब तीन करोड़ 75 लाख रुपये का बकाया है। मिल मालिक ने किसानों को चेक दिए थे, इनमें से कुछ बाउंस हो गए। भुगतान न होने के कारण किसान बर्बादी के कगार पर खड़ा है। उन्होंने कलक्ट्रेट प्रभारी रामनयन सिंह को दिए ज्ञापन में किसानों का बकाया गन्ना भुुगतान कराने की मांग की। इस मौके पर कांग्रेस महासचिव प्रमोद गोस्वामी, ओमबीर, सत्यपाल, लोकेंद्र, रामबीर, ओमप्रकाश, बिजेंद्र कुमार, पवन, देवेंद्र, शोबीर मौजूद रहे।