टांडा माजरा गांव के ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाया कार्रवाई न करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। युवती के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में शुक्रवार को शामली की बुढ़ाना तहसील के टांडा माजरा गांव के ग्रामीणों ने सीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी न करने का आरोप लगाया। सीओ के न मिलने पर ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर एसपी मुख्यालय पर हड़ताल शुरू करने की चेतावनी देकर लौट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि आठ अप्रैल 2019 को अरुणा पुत्री सुभाष की शादी किरठल गांव के सचिन से की गई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज के लिए अरुणा का उत्पीड़न शुरू हो गया। बेटी हुई तो ससुराल वालों ने रोजाना पिटाई करनी शुरू कर दी। छह फरवरी 2022 को उसकी हत्या कर दी। इस मामले में रमाला थाने में पति, ससुर, देवर, ननद सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज है, लेकिन पुलिस आरोपियों को पकड़ने के बजाए उनका साथ दे रही है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जवार, मांगेराम, जयप्रकाश, ब्रजवीर, प्रवीण, रूपक, कालू, अनुज शामिल रहे। उधर, सीओ हरीश भदौरिया ने कहा कि प्रकरण की जांच कर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।