बागपत/रटौल। नगर पंचायत रटौल के चेयरमैन जुनैद फरीदी ने जीआई टैग के आम के पौधों की नर्सरी बनवाने व गोवंश को पकड़वाने सहित किसानों की समस्या को लेकर तहसील में डीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं के निस्तारण कराने की मांग की।
चेयरमैन ने बताया कि रटौल के आम को कई साल पहले जीआई टैग मिल गया था और नर्सरी लगाने का आश्वासन दिया था। अभी तक टैग वाले आम के पौधों की नर्सरी नहीं बनाई गई है। इसके अलावा गोवंश द्वारा किसानों की फसल नष्ट की जा रही है और किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। कई बार मांग करने के बाद भी गोवंश नहीं पकड़े जा रहे हैं।
उन्होंने तालाबों की खोदाई कराकर सुंदरीकरण कराने, पानी निकासी के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम प्रणाली शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने डीएम अस्मिता लाल को ज्ञापन सौंपा। डीएम ने जल्द ही सभी समस्याओं के निस्तारण करने का आश्वासन दिया।