- दिल्ली करावलनगर के व्यक्ति पर लगाया आरोप, एएसपी ने एंटी फ्रॉड सेल को सौंपी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सुभानपुर गांव के किसान अजय त्यागी के साथ धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा करा लिया गया। उनको बीस लाख रुपये का चेक दिया गया मगर वह बाउंस होने और बाद में रुपये नहीं मिलने पर किसान ने तहसीलदार से शिकायत कर जमीन का दाखिल खारिज रुकवा दिया। साथ ही एएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, जिसपर जांच शुरू करा दी गई।
सुभानपुर गांव निवासी अजय त्यागी ने बताया कि दिल्ली के करावलनगर का एक व्यक्ति उनके गांव के युवकों के साथ प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का काम करता है। इन सभी ने वर्ष 2024 में उनकी करीब एक बीघा जमीन खरीदने के लिए सौदा तय कर लिया। उस व्यक्ति ने अपने दो साथियों के नाम नवंबर 2024 में जमीन का एग्रीमेंट भी करवा लिया। इसके बाद 30 जुलाई को एग्रीमेंट कैंसिल करा लिया। इसके बाद उस व्यक्ति ने उनके परिवार के कई लोगों की जमीन की छोटे-छोटे प्लाॅट के रूप में रजिस्ट्री करा ली। अजय त्यागी ने अपनी जमीन की रजिस्ट्री उनके ही नाम करने की बात कही जिनके नाम एग्रीमेंट किया गया था। इस पर दिल्ली के व्यक्ति ने अपने उस साथी के नाम ही रजिस्ट्री करा दी। उस व्यक्ति ने तीन चेक दिए, जिसमें 20 लाख रुपये का चैक बैंक में बाउंस हो गया। अब बार-बार कहने के बाद भी रुपये नहीं दिए जा रहे हैं। अजय त्यागी ने बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी कर जमीन का बैनामा करा गया। वहीं एएसपी प्रवीण कुमार चौहान का कहना है कि एंटी फ्रॉड सेल को जांच सौंपी गई है और उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।