राशन न मिलने के चलते खेकड़ा शहर मे राशन डीलर के खिलाफ हंगामा प्रदर्शन करते आक्रोशित कार्ड धारक
- फोटो : KAHKRA
डीलर पर राशन बेचने का आरोप, हंगामा-प्रदर्शन
खेकड़ा। विजय नगर में राशन कार्ड धारकों ने डीलर पर राशन को बाजार में बेचने का आरोप लगाकर हंगामा कर नारेबाजी की। इस दौरान उपभोक्ताओं ने एसडीएम से राशन की दुकान निरस्त करने की मांग की।
सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे शहर के मोहल्ला विजय नगर में उपभोक्ता डीलर से राशन लेने पहुंचे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि डीलर ने राशन देने से मना कर दिया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने डीलर के खिलाफ हंगामा कर नारेबाजी शुरू कर दी। उपभोक्ताओं का आरोप था कि राशन मांगने पर डीलर उनके साथ अभद्रता की। चार माह से उसने राशन का वितरण नहीं किया है। गरीबों का राशन डीलर बाजार में बेच देता है। इसक अलावा खेकड़ा शहर के कुछ और डीलर भी उपभोक्ताओं के घरों पर जाकर उनसे अंगुठे लगवा लेते है। उपभोक्ताओं के हंगामे के चलते डीलर दुकान को बंद कर चला गया। इसके बाद आक्रोशित कार्ड धारकों ने उपजिलाधिकारी के पास पहुंचकर राशन वितरण का काम सुचारु करवाने और सस्ते गल्ले की दुकान को निरस्त कराने की मांग की। साथ ही आरोपी डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह का कहना है कि मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी।