पाली गांव के भट्ठा मुनीम हरेंद्र पांचाल की हत्या को एक माह होने को जान रहा है, पुलिस अभी तक केस का खुलासा तो दूर कातिलों का पता तक नहीं लगा पाई । कई बार गांव और क्षेत्र के लोग पंचायत कर चुके हैं, लेकिन उसका भी पुलिस पर कोई असर नहीं है। इससे लगता है पुलिस ने केस की फाइल को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।
पाली निवासी हरेंद्र पांचाल गांव के भट्ठे के मुनीम थे। 25 जनवरी की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार होकर अपने घर से भट्ठे पर जा रहे थे। रास्ते में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। कोतवाली में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज हुई । पुलिस अभी तक वारदात को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसका भी पता नहीं लगा पाई ।
उधर, केस के खुलासे के लिए विश्वकर्मा समाज के लोग कई बार पुलिस अफसरों से मिल चुके हैं। इतना ही नहीं कई बार पंचायत कर चुके हैं। लोगों का मानना है कि पुलिस ने केस को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। बागपत सीओ श्वेताभ पांडेय ने कहा केस के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही कामयाबी मिल जाएगी।