बड़ौत में मेरठ बस अड्डे पर हमले के विरोध में प्रदर्शन करते चालक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
छात्र की मौत से नाराज भीड़ ने रोडवेज कर्मचारियों की पिटाई कर दी थी। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने तीन घंटे तक हड़ताल रखी। बाद में एआरएम के साथ कोतवाली पहुंचकर कर्मचारियों ने पुलिस का घेराव किया। एआरएम को पुलिस द्वारा आश्वासन दिए जाने पर की आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी, तब जाकर कर्मचारियों ने घेराव समाप्त किया।
मंगलवार की रात वाजिदपुर गांव के छात्र शाहरुख पुत्र इलियास अपने पिता को लेने रेलवे स्टेशन बड़ौत बाइक पर लेने आ रहा था। बिनौली रोड पुलिस चौकी के सामने गन्ने से भरें ट्रक ने उसे कुचल दिया था। उसकी मौके पर मौत हो गई थी। कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जमा लगा दिया था।
इस पर पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद में सीओ कर्मवीर सिंह के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला था। इसी दौरान में जाम में फंसी रोडवेज की बसों में तोड़फोड़ की गई। एक बस के चालक रविंद्र पुत्र राज सिंह निवासी ज्ञाना माजरा जनपद मुजफ्फरनगर व परिचालक सुहेल पुत्र फारूख हुसैन शाहजहांपुर घायल हुए थे।
मृतक छात्र के पिता इलियास ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चालक व परिचालक की पिटाई को लेकर रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने बुधवार की सुबह हड़ताल शुरू कर दी और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
इसके बाद में कर्मचारी एआरएम रामगोपाल यादव के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस का घेराव किया। इस संबंध में एआरएम ने अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी, तब जाकर कर्मचारी शांत हुए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि एआरएम की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मारपीट करने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा।