बड़ौत बाजार पुलिस चौकी पर घायल दंपत्ति से जानकारी लेते थानाध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
स्कार्पियो में सवार युवकों ने विद्युत निगम के मुख्य शिकायत केंद्र के नजदीक सरेशाम बाइक पर सवार दंपति को कुचलने की कोशिश की। विरोध करने पर बाइक सवार दंपति की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चार युवक को दबोच कर स्कार्पियो कब्जे में ली।
रविश कुमार पुत्र धर्मवीर सरूरपुर कलां थाना बागपत का रहने वाला है। वह बुधवार को अपनी बाइक से पत्नी बबीता के साथ सामान खरीदने आया था। जब वह कोताना रोड पर विद्युत निगम के मुख्य शिकायत केंद्र के पास पहुंचा तो स्कार्पियो में सवार चार-पांच युवकों ने उन्हें कुचलने का प्रयास किया और भागने लगे।
जब रविश ने अपना हेलमेट कार में फेंककर मारा तो उन्होंने उतरकर दंपति की पिटाई शुरू कर दी। इससे वहां भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस को देखकर स्कार्पियो सवार युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने चार युवकों को दबोच लिया और स्कार्पियो भी कब्जे में ले ली और उन्हें कोतवाली ले गई। रविश कुमार ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। युवक थाना क्षेत्र रमाला के रहने वाले बताए गए हैं। थानाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने बताया पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।