बुढ़ाना के परासौली गांव के सोनू हत्याकांड में पुलिस ने अस्पताल से निकलते ही तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि सोनू की हत्या हत्यारोपियों के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध होने के कारण की गई। हत्यारोपी सोनू को बुलाकर अपने पुराने खाली पडे़ मकान में ले गए। मकान में हत्या करने के बाद आधी रात के समय शव को बोरे में भरकर ठेली से नए मकान के सामने लाकर तालाब में फेंक दिया गया।
इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि हत्यारोपियों से की गई पूछताछ तथा गांव में चल रही चर्चा ठीक निकली। सोनू की हत्या हत्यारोपियों के परिवार की एक महिला के साथ अवैध संबंध के चलते की गई। घटनाक्रम के अनुसार सोनू को अपने पुराने घर बुलाया गया। रात्रि के करीब दस बजे उसके सिर में वार कर अचेत अवस्था में गला काटकर हत्या कर दी गई। आधी रात के समय उसके शव को बोरे में भरकर एक भारी पत्थर के साथ रेहड़े में डालकर तालाब में फेंक दिया गया।
पुलिस ने सोनू के शव को डॉग स्क्वायड की सहायता से रविवार 11 सितंबर को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पुलिस ने बताया कि हत्यारोपियों को शव बरामद करते ही हिरासत में ले लिया गया था। घटना से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों पर हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस की सुरक्षा में उन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था। बुधवार को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद इसका खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अशोक, सुधीर व सुशील को उन्होंने गिरफ्तार कर लिया है। दो हत्यारोपी राजकुमार व सचिन अभी फरार हैं, उन्हें भी जल्दी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के सामने हत्यारोपियों ने गांव के ही इन्द्रपाल, महावीर व बलराम को भी इस घटना की जानकारी होना बताया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्यारोपियों का चालान कर दिया।