बागपत एसपी से शिकायत करने पहुचे दौझा के लोग।
- फोटो : amar ujala
बागपत। दौझा गांव में पेट्रोल डालकर आग लगाने और तेजाब डालकर युवक की हत्या करने के मामले में आरोपी फरार चल रहा है और दोबारा हमला करने की धमकी दे रहा है। पीड़ित परिवार दहशत में है। उन्होंने शुक्रवार को एसपी से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
दौझा निवासी युवक सरफराज का कहना है कि उसके भाई शाहनवाज के मकान में 19 फरवरी को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। साथ ही तेजाब फेंक दिया गया था। इसमें उसका भाई शाहनवाज और उनका छह वर्षीय बेटा शहजान झुलस गया था। अन्य सदस्यों की किसी तरह जान बचाई थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शाहनवाज की मौत हो गई थी। बिनौली थाने पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी अभी तक खुलेआम घूम रहा है और दोबारा तेजाबी हमले की धमकी दे रहा है। शिकायत करने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। वे आरोपी की दहशत से अपने मकान से बाहर भी नहीं निकल पा रहे है। पीड़ित परिजनों ने शुक्रवार को एसपी से अपनी सुरक्षा और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी अजय शंकर राय ने बिनौली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप
बागपत। सरफराज का कहना है कि शाहनवाज की पत्नी आरोपी युवक के साथ चार माह पहले से घर से चली गई थी। उन दोनों का आपस में प्रेम प्रसंग चल रहा है। आरोप है कि उसकी पत्नी के कहने पर ही आरोपी युवक ने वारदात को अंजाम दिया है।