डायल 100 के सिपाही ललित कसाना की हत्या के आरोप में पुलिस ने रात भर हत्यारोपी महिला कांस्टेबल रश्मि से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार रात भर रश्मि बयान बदलती रही। पुलिस ने हत्या के आरोप में रश्मि को जेल भेज दिया है।
बागपत के ग्राम नगला जाफराबाद निवासी ललित कसाना की हत्या के मामले में पुलिस के संदेह की सुई शुरू से ही पूरी तरह से बागपत के ही ग्राम बाघू निवासी रश्मि पर ही टिकी हुई थी। जिस कारण पुलिस ने रश्मि को हिरासत में ले रखा था।
परिजनों ने मंगलवार की शाम को रश्मि के खिलाफ नामजद एफआईआर कराई। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रात भर रश्मि से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार रश्मि बार-बार बयान बदलती रही। पहले तो उसने सभी को यह बताया कि पता नहीं ललित को क्या हो गया, अचानक ही उसकी तबियत खराब हो गई।
फिर बताया कि ललित ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया है, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जब सख्ती की तो उसने बताया कि ललित ने कमरे की जाली से चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन पोस्टमार्टम में जहरीला पदार्थ खाने की कोई पुष्टि नहीं हुई और आत्महत्या की बात को पुलिस पूरी तरह से झूठ मान रही है।
क्योंकि ललित के गले पर कोई निशान नहीं मिले। जिस खिड़की से फांसी लगाने की बात कह रही है उसकी अधिकतम ऊंचाई ही पांच फुट है, जबकि ललित की लंबाई 5 फुट 9 इंच थी। जिस चादर से फांसी लगाने की बात रश्मि बता रही है, लोगों को ललित उस चादर पर मृत अवस्था में लेटा हुआ मिला, तो चादर पर उसे किसने लिटा दिया।
एसएसपी लव कुमार का कहना कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ललित की हत्या गला दबाकर किए जाने की पुष्टि हुई है। जब उस कमरे में कोई आया नहीं और कोई गया ही नहीं तो गला रश्मि के अलावा कौन दबा गया। कोई नशीला पदार्थ खिलाकर पहले उसे बेसुध किया गया।
रश्मि के आपत्तिजनक फोटो मंगेतर को भेजने की दी थी धमकी ः पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ में रश्मि ने बताया कि ललित के मोबाइल पर उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो थे। ललित उसकी शादी रुकवाने के लिए उसे धमकी दे रहा था।
कि उसके आपत्तिजनक फोटो उसके मंगेतर के मोबाइल पर भेज देगा। इसे लेकर उनमें 17 अप्रैल को विवाद हुआ। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे ललित को फोन आया और वह ड्यूटी पर चला गया। उसके बाद रात लगभग 8 बजे ही वह घर पहुंचा था। पुलिस दोनों के मोबाइल का रिकार्ड निकलवाने का प्रयास कर रही है।
पत्नी, बेटे से कहा था उन्हें ले कर जाएगा
सहारनपुर (ब्यूरो)। डायल 100 के सिपाही ललित कसाना ने चार दिन पहले ही अपनी पत्नी अलका को बागपत में फोन करके कहा था कि वह जल्दी ही छुट्टी लेकर आ रहा है और फिर उन्हें अपने साथ सहारनपुर लेकर जाएगा।
बागपत के ग्राम नगला जाफराबाद निवासी ललित कसाना ने सहारनपुर से चार दिन पूर्व अपनी पत्नी अलका को फोन करके कहा था कि वह जल्दी ही 15 दिन की छुट्टी लेकर उनके पास आ रहा है। घर पर 15 दिन रहने के बाद वह अपनी पत्नी अलका और तीन साल के बेटे आर्यन को सहारनपुर ही लाएगा।
उनके लिए वह दो कमरों का मकान किराए पर ले रहा है। सहारनपुर में ही आर्यन का स्कूल में एडमिशन कराएगा। वह जल्दी ही अपनी छुट्टी मंजूर करा लेगा। लेकिन न तो वह छुट्टी ले पाया और न ही अपनी पत्नी और बेटे को सहारनपुर लेकर आ सका। अपनी पत्नी और बेटे के पास वह तो नहीं पहुंच पाया।
24 घंटे हुई पूछताछ, नतीजा सिफर
सहारनपुर। पुलिस पूरी तरह से आश्वस्त है कि हत्या रश्मि ने ही की है। रश्मि से पुलिस ने 24 घंटे तक पूछताछ भी की, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। पुलिस न तो हत्या कबूल करा सकी और न ही हत्या का कारण ही उससे उगलवा सकी।
इसे पुलिस की नाकामी माना जाए, या फिर पुलिस कुछ छिपाने का प्रयास कर रही है। यह भी चर्चा है कि पुलिस को रश्मि ने ऐसा कुछ बताया है कि पुलिस उसको सार्वजनिक नहीं करना चाहती, जिससे रश्मि को इसका लाभ मिल जाए। चूंकि रश्मि को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, इसलिए उसे जेल भेज दिया गया है। अब हो सकता है कि पुलिस या फिर रश्मि कोई ऐसी कहानी तैयार कर ले, जिससे इस हत्याकांड की सुई कहीं और ही घूम जाए।