मधुबन कॉलोनी में मंगलवार रात चार हथियारबंद लोगों ने एक पुजारी के घर में घुसकर परिजनों को बंधक बना जमकर लूटपाट की। लाखों के जेवर, सामान लूटकर ले गए। घटना से लोगों में आक्रोश है।
शहर की मधुबन कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में मंगलवार की रात पुजारी विजयानंद पांडे उनकी पत्नी ममता और भतीजा बालेंद्र एक कमरे में सोए थे, तभी पीछे से दीवार फांदकर चार-पांच हथियारबंद बदमाश मकान में घुसे। आरोप है कि बदमाशों ने पुजारी की पत्नी पर तमंचा तानकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया।
सभी को एक जगह बैठा लिया और घर में जमकर लूटपाट की। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने ममता से कानों के कुंडल खींच लिए। घर पर रखी 60 हजार की नगदी, तीन तोले के सोने के जेवरात, चांदी की पाजेब लूट ली। घर से डेढ़ लाख की नगदी और सामान लूट लिया।
बदमाशों ने पुजारी का मोबाइल भी छीन लिया। उसका सिम तोड़कर मोबाइल अपने साथ ले गए। पुजारी के साथ हुई घटना का सुबह पता चलने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। पुजारी ने थाने में घटना की तहरीर ली है।