चमरावल गांव के ईंट भट्ठे पर भट्ठा मालिक भूपेंद्र ढाका से रंगदारी मांगने पहुंचे बदमाशों ने मालिक के न मिलने पर भट्ठे पर जमकर फायरिंग की। पुलिस ने घेराबंदी की तो पुलिस टीम पर भी फायर किए गए।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग कर मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को दबोच लिया। इनमें एक जिला बदर बदमाश भी शामिल है। इनके पास से एक रायफल, बंदूक और तमंचा बरामद किया है।
पकड़े गए बदमाश ढिकौली निवासी संजीत ढाका, उसका भांजा शुभम गांव कनियान (शामली) तथा सागर निवासी नई मंडी मुजफ्फरनगर है। चांदीनगर एसओ सुभाष यादव के अनुसार ढिकौली निवासी भूपेंद्र ढाका का चमरावल के जंगल में ढिकौली-ओगटी मार्ग पर ईट भट्टा है।
भूपेंद्र अपने गांव क अलावा नोएडा में भी रहते हैं। ढिकौली गांव का संजीत ढाका, उनसे पिछले चार-पांच दिनों से लगातार दस लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था, लेकिन उन्होंने उसकी मांग पूरी नहीं की। बुधवार सुबह संजीत ढाका रंगदारी मांगने के लिए भूपेंद्र के घर पर ही पहुंच गया। भूपेंद्र ने रकम देने में आनाकानी की तो वह भूपेंद्र को धमकी देकर लौट गया।
दोपहर करीब तीन बजे संजीत अपने भांजे शुभम के अलावा सागर के साथ भूपेंद्र के भट्ठे पर पहुंचा। वहां पर भट्टा मालिक भूपेंद्र ढाका मौजूद नहीं थे। बदमाश उनके भट्ठे के दफ्तर की तालाबंदी कर फायरिंग करते हुए छत पर चढ़ गए। भट्ठे पर रहने वाले लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर कई थानों की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। बकौल पुलिस खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए बदमाशों को पकड़ लिया। उनके पास से देशी राइफल (एके-47 की आकृति की), एक बंदूक और एक तमंचा बरामद हुआ है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।