गांव देसूजोधा स्थित द सिरसा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की शाखा में घुसे चोर दो कंप्यूटर चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरों की तोड़फोड़ कर डीवीआर भी उठा ले गए। तिजोरी न टूटने के कारण आठ लाख रुपये की नकदी बच गई।
पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह एक किसान ने खेत में पड़ा सहकारी बैंक का सीपीयू देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना पैक्स के प्रधान को दी। सहकारी बैंक में चोरी होने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीण मौका पर पहुंचे तो बैंक के बाहरी गेट का ताला टूटा हुआ मिला।
भीतर का दृश्य देखकर आंखें खुली की खुली रह गई। शाखा में लगे दो सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए थे। डीवीआर गायब था। दो कंप्यूटर भी गायब मिले। जब बैंक स्टाफ का ध्यान तिजोरी की ओर गया तो उन्होंने पाया कि तिजोरी अपने स्थान से खिसकी हुई है। बैंक के स्टाफ को लगा कि तिजोरी से रकम भी निकाली गई है लेकिन जब तिजोरी खोली गई तो उसमें रखे करीब आठ लाख रुपये जस के तस मिले।
पुलिस ने खेतों में मिले दो सीपीयू अपने कब्जे में कर लिए। चोर मॉनिटर अपने साथ ले गए। शाखा में चोरी होने की सूचना पाकर गांव पन्नीवाला मोटा से चले शाखा प्रबंधक विनोद कुमार की बाइक गांव ओढ़ां के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में घायल होने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया। बैंक अधिकारी राय सिंह ने बताया कि चारदीवारी लगभग टूटी हुई है। ऐसे में कोई भी बैंक में प्रवेश पा सकता है। तिजोरी में बड़ी राशि बाल-बाल बच गई। शहर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।