गांव खट्टा प्रह्लादपुर में ग्रामीणों ने अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ अभियान चलाकर दो लोगों को पकड़ा। उनके मकान से शराब बरामद हुई। आरोपियों को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने बताया गांव में अवैध रूप से शराब बेची जाती है। जो लोग शराब बेचते हैं, उनको काफी समझाया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। चांदीनगर थाने में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने भी कार्रवाई नहीं की। शराब के कारण गांव में कई घटनाएं हो चुकी है। युवाओं पर सबसे ज्यादा इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
मंगलवार की रात में ग्रामीणों ने अवैध रुप से गांव में शराब बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर शराब विक्रेताओं के घर में छापामारी की। इस दौरान कई शराब विक्रेता तो अपने मकान पर ताला बंद कर चले गए। ग्रामीण बंद मकान देख वापस लौट रहे।
दो लोगों को शराब बेचते पकड़ लिया और उनके मकान से शराब भी बरामद की। एक मकान से तो स्कूटी की डिग्गी में शराब मिली। शराब विक्रेता और उनके परिवार के लोगों से नोकझोंक हुई। लोगों ने पुलिस बुलाकर आरोपियों को सौंप दिया।
उन्होंने कहा गांव में शराब की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। उधर, चांदीनगर थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया खट्टा प्रह्लादपुर निवासी सुशील पुत्र रामपाल को गिरफ्तार किया। उसके पास से हरियाणा मार्का शराब बरामद हुई है।
शराब का ठेका बंद न होने से छात्रों में गुस्सा
बड़ौत।दिगंबर जैन पालीटेक्निक के छात्र-छात्राओं ने संस्थान के पास खुले शराब के ठेके को बंद कराने की मांग की। उन्होंने कहा संस्थान के पास ठेका होने आसपास का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
दिगंबर जैन पालीटेक्निक के छात्र पुष्पेंद्र, राजकमल, धीरेंद्र, सुमित, हरेंद्र, कालू, नितिन, पंकज, आबिद, इरफान, जावेद, सुरेंद्र आदि एसडीएम को भेजे ज्ञापन में बताया पुलिस प्रशासन और प्रशासनिक अफसरों की अनदेखी का खामियाजा पालीटेक्निक में पढ़ने वाले करीब 16 सौ छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
संस्थान के पास स्थित शराब के ठेके से लगातार आसपास का माहौल खराब हो रहा है। शराबी छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करते रहते हैं। दूसरी तरफ संस्थान के कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेश कुमार जैन के अनुसार संस्थान में इलाहाबाद, मैनपुरी, एटा, गोरखपुर, बागपत, मेरठ, दिल्ली, सहारनपुर, मथुरा, आगरा, देवरिया आदि जिलों से छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया संस्थान के पास शराब का ठेका खुलने और शराबियों के छात्राओं से छेड़छाड़ करने की कई बार जिला प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।