बागपत के सिसाना गांव में भट्टे से निकलता धुआं
- फोटो : amar ujala
बागपत। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद भी जिला प्रशासन के आदेश जनपद के ईंट भट्ठा संचालकों के लिए बेईमानी साबित हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी जिले के अधिकांश भट्ठों पर मजदूरों ने ईंट पथाई का कार्य किया। कहीं भी प्रशासन के आदेश का पालन होता नजर नहीं आया।
जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने डीएम ह्दय शंकर तिवारी को ईंट भट्ठों का संचालन बंद कराने के आदेश दिए थे। हाईकोर्ट के आदेश प्राप्त होने के बाद बुधवार को डीएम ने जिले के करीब 462 ईंट भट्टों के संचालन पर रोक लगा दी थी, लेकिन बृहस्पतिवार को जिले में कहीं भी इन आदेशों का पालन होता नजर नहीं आया। जनपद के अधिकांश ईंट भट्ठों पर ईट पथाई और ईंटों की पकाई का कार्य होता नजर आया। खेकड़ा, सरूरपुर कलां, निनाना समेत पूरे एरिया में ईंट भट्ठों पर मजदूर काम करते नजर आए। दूसरी तरफ खेकड़ा के तहसीलदार दीपक कुमार ने बताया क्षेत्र के भट्ठों पर दौरा कर भट्ठा संचालकों को भट्ठा संचालन बंद करने की चेतावनी दी है, ऐसा नहीं किया तो संबंधित भट्ठा संचालक के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई होगी।