बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के ढिकाना गांव में सड़क निर्माण को लेकर हुई कहासुनी में एक युवक की सरेबाजार गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात में एक युवती समेत तीन अन्य भी घायल हो गए। दो घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसपी शरद सचान ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस मामले में गांव के ही एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई।
मृतक नितिन (20) पुत्र रविंद्र उर्फ पप्पू ढिकाना गांव का ही रहने वाला था। वह रोडवेज की अनुबंधित बसों पर चालक था। परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 20 दिन पूर्व गांव में लुहारी बाईपास पर खड़ंजा निर्माण हो रहा था। इसी दौरान उसकी गांव के ही सागर उर्फ कमल से कहासुनी हो गई थी।15 दिन पूर्व सागर और उसके परिवार के लोगों ने उनके घर पर हमला भी बोला था। उस वक्त गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों ने मामला शांत करा दिया था। सोमवार को नितिन बड़ौत जाने के लिए गांव के टैंपो स्टैंड पहुंचा था और मैजिक में बैठने लगा। इसी दौरान वहां खड़े सागर ने तमंचे से उस पर कई फायर किए। एक गोली सिर में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैजिक में सवार अन्य लोगों ने इधर उधर भागकर जान बचाई। इस भागमभाग में मैजिक में सवार देवेंद्र, गौरव और एक लड़की गोली लगने सेे घायल हो गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गया। दिनदहाडे़ हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। हत्या की सूचना पर एसपी शरद सचान, सीओ रमाला, थानाध्यक्ष रामजीलाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही घायल युवकों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि लड़की पूर्व में ही अपने परिजनों के साथ चली गई।
एसपी ने आरोपी सागर को पकड़ने के निर्देश दिए। मगर, वह घटना के बाद से परिवार समेत घर से फरार हो गया। इस मामले में नितिन के भाई सचिन ने सागर उर्फ कमल निवासी ढिकाना को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष रामजीलाल ने बताया कि हत्यारोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
परिवार में कोहराम
बड़ौत। नितिन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां त्रिशला का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक के बाबा नारायण सिंह ने कहा कि 12 दिन पूर्व आरोपी घर पर आकर जान से मारने की धमकी भी दे गए थे। परिजनों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था।