बागपत। गढ़ी कलंजरी गांव के प्रधान निर्दोष पर हुए हमले के मामले में सोमवार को काफी लोग एसपी दफ्तर पर पहुंचे। उनका आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे है और जान से मारने की धमकी दे रहे है। उन्होंने अफसरों से शिकायत की है।
प्रधान निर्दोष का कहना है कि वह 21 जुलाई को दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। गांव में पहुंचने पर कुछ लोगों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। चांदीनगर थाना पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। इससे वह भयभीत है। उनके साथ काफी लोगों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की है।
दूसरी तरफ बड़ौत के युवक रफीक का कहना है कि 21 जुलाई को उसकी पत्नी संजीदा और मेहमान फरमान पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। संजीदा गंभीर रुप से घायल हो गई थी। बड़ौत थाना में मुकदमा दर्ज है। उसके बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहे है और जान से मारने की धमकी दे रहे है। उन्होंने एसपी दफ्तर पर शिकायत की है।
परिवार ने दी पलायन की चेतावनी
बागपत। जौहड़ी गांव के ताज मोहम्मद ने एसपी आफिस और कलक्ट्रेट में दिए शिकायत पत्र में बताया उसके भाई सोनू के खिलाफ गांव की लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में पुलिस ने उसके भाई मोहसिन और दो अन्य को जेल भेज दिया। बाद में लड़की बरामद हो गई।
पुलिस ने उसके भाई सोनू को भी जेल भेजा। मेडिकल रिपोर्ट में लड़की बालिग पाई गई। कोर्ट में उसने बयान दिए कि उसे कोई नहीं लेकर गया। इसके बावजूद पुलिस उनके खिलाफ साजिश रच रही है। उनके खिलाफ ओर मुकदमा दर्ज करने की फिराक में है।
उन्होंने कहा 10 अगस्त को इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिला जाएगा। उसके बाद भी कार्रवाई नहीं होती है तो पूरा परिवार गांव से पलायन कर देगा। इस मौके पर नफीसा, वकीला, रहीसा, रूकसाना, अलीहसन, महबूब, आसू मौजूद रहे।
अपहृत किशोरी की बरामदगी की मांग
बागपत। बड़ौत निवासी व्यक्ति ने कहा उसकी बेटी का 26 जून को अपहरण हो गया था। पुलिस को घटना की शिकायत की गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले भी लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया। पुलिस न आरोपियों को गिरफ्तार कर रहीं है और न ही उसकी बेटी को बरामद। इससे वे काफी परेशान है। उसने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की है।