चेकिंग के दौरान पकड़े गए ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। बालू के अवैध परिवहन पर शुक्रवार की रात में लोग भड़क गए। उन्होंने रेत के वाहनों को रोककर गौरीपुर मोड़ पर जाम लगा दिया। इससे वहां पर हंगामा हो गया। वहां पर पहुंचे खनन माफिया को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। अफसरों ने वहां पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
ग्रामीणों ने कहा रेत के अवैध खनन और परिवहन पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद खनन माफिया हरियाणा से रेत लाकर बागपत में स्टॉक कर रहे हैं। यूपी-हरियाणा बार्डर पर वाहनों से अवैध वसूली की जाती है। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की रात में करीब दस बजे दर्जनों लोगों ने गौरीपुर मोड़ के पास पहुंचकर रेत के वाहनों को रोक दिया। पता चलते ही खनन माफिया वहां पहुंचे। उनके बीच काफी कहासुनी हुई। ग्रामीणों ने खनन माफिया को दौड़ लिया। इससे वहां हंगामा हो। सूचना मिलते ही एआरटीआर आरपी मिश्रा, वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ज्येष कुमार और निवाड़ा चौकी पुलिस पहुंची। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस पूरे मामले की शिकायत सांसद और डीएम से की। इस मौके पर जाहिद अली, उम्मेद, नाजिम, तोहसीन, निसार मौजूद रहे।
माफिया की पुलिस से मिलीभगत
बागपत। लोगों ने कहा खनन माफिया की पुलिस से मिलीभगत है। इसके चलते हर रोज वाहनों से मोटी अवैध वसूली करते हैं। यह हाल तो तब है जब तीन सप्ताह पहले निवाड़ा चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस वाले सस्पेंड हो चुके हैं।
14 वाहन सीज, 1.60 लाख जुर्माना वसूला
बागपत। एआरटीओ ने कहा रेत के चार वाहन समेत 14 को ओवरलोड में सीज किया है। दूसरी तरफ वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने 20 वाहनों से 1.60 लाख रुपये जुर्माना वसूला।