बागपत में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान रटौल गांव में वोट डालने को लेकर हुए बवाल में पुलिस ने दोनों जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी समेत 20 लोगों के खिलाफ क्रास एफआईआर दर्ज की है। एक प्रत्याशी की ओर से घर में घुसकर मारपीट कर डकैती डालने, जबकि दूसरे पक्ष ने चाकुओं से हमला कर पथराव करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रत्याशी मुब्बसिर की पत्नी जुलेखा ने आरोप लगाया कि प्रत्याशी जाकिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ कर हमला किया। घर से आभूषण और कीमती सामान लूटकर ले गए। उनकी तहरीर आरोपी जाकिर और उसके भाई जावेद, फिरोज, परवेज के अलावा आकिब, सुहेल, इरशाद, रिहान के खिलाफ बलवा, छेड़छाड़, डकैती समेत कई संगीन धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई है।
दूसरी तरफ जाकिर हसन की पत्नी नसरीन ने आरोप लगाया कि मुब्बसिर ने अपने साथियों के साथ चाकू और अन्य धारदार हथियार से हमला कर घर पर पथराव किया। उनकी तहरीर पर 12 आरोपी मोईद्दीन, मुजबिल, मुब्बसिर, मुंतजीर, बाबूद्दीन, नजाकत पुत्र मौसम के अलावा आमिर, नदीम, ताजूद्दीन, नदीम, जहांगीर, मुस्तकीम के खिलाफ जानलेवा हमला और पथराव करने की धारा में रिपोर्ट दर्ज हुई है। खेकड़ा थाना प्रभारी सुबोध यादव का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उसी के आधार पर कार्रवाई होगी।
पकड़े गए बसपा नेता
बागपत। रटौल गांव में हुए बवाल के दौरान पहुंची पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया था। इनमें बसपा नेता भी शामिल था। पुलिस ने आरोपियों को थाने से छोड़ दिया। खेकड़ा थाना प्रभारी का कहना है कि पकड़े गए लोग झगड़ा करने में शामिल नहीं रहे है, न ही उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया है।