खेकड़ा। नगर में डेढ़ माह पहले हुए दोहरे हत्याकांड के मामले को गंभीरता से लेकर डीजीपी लखनऊ ने खेकड़ा थाना प्रभारी को आरोपी पक्ष की शिकायत पर तलब किया। बृहस्पतिवार को थाना प्रभारी ने डीजीपी के समक्ष पेश हो घटनाक्रम की जानकारी दी।
उन्नीस फरवरी 2017 को नगर पालिका अध्यक्ष नीलम धामा के देवर पुष्पेंद्र धामा और उसके दोस्त बाशिद की शाम के समय उस समय पांडव चौक के समीप हत्या की, जब वह बाइक पर सवार होकर मोहल्ला अहिरान से वापस अपने घर लौट रहे थे। दोहरे हत्याकांड में मृतक पुष्पेंद्र के बड़े भाई डॉ. सुरेंद्र धामा ने नगर के ही रोहन, प्रसेंद्र, रामकुमार, रोहताश, सहदेव, कर्मवीर, जयबीर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज खेकड़ा थाने में कराई थी। इनमें से पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट को डीजीपी लखनऊ ने तलब कर दोहरे हत्याकांड में आरोपी प्रसेंद्र एवं रोहन की मां संतोष द्वारा फर्जी फंसाने के आरोप लगा शिकायती पत्र देने के कारण बृहस्पतिवार को लखनऊ बुलाया। थाना प्रभारी सभी अभिलेखों के साथ बृहस्पतिवार की सुबह डीजीपी के समक्ष पेश हुए। और उन्हें दोहरे हत्याकांड की समस्त कार्रवाई की जानकारी दी। थाना प्रभारी ने फोन पर बताया डीजीपी ने उनसे घटनाक्रम की संपूर्ण जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद वह लखनऊ से वापस लौट आए।