जिला कारागार से एक बार फिर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार सजायाफ्ता दीपक सूप ने एक पूर्व महिला ब्लाक प्रमुख के घर पर चिट्टी भिजवाकर उसके देवर से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर रमाला थाने में आरोपी दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पूर्व ब्लाक प्रमुख के देवर ने रमाला पुलिस को बताया वह भट्ठा कारोबारी है। उनके घर में 12 दिसंबर को एक युवक चिट्ठी देकर गया है। उसका एक साथी पहले से ही बाइक पर बाहर बैठा था।
युवक ने कहा यह चिट्टी दीपक सूप ने भिजवाई है। उसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर चले गए। इसकी उनको कोई जानकारी नहीं है। चिट्टी को खोलकर देखा तो उसमें हत्या के एक केस का जिक्र हैं। इसमें उसका भाई एवं ब्लाक प्रमुख का पति गवाह भी हैं।
चिट्ठी के माध्यम से आरोपी दीपक ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी। नहीं देने पर उसकी और भाई की हत्या करने की धमकी दी। परिवार भयभीत है। थाना प्रभारी विरेंद्र कुमार ने कहा आरोपी दीपक पुत्र सत्यवीर निवासी सूप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सजायाफ्ता है दीपक सूप
पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक सूप को एक केस में सजा हो चुकी है। आरोपी पैरोल पर जेल से करीब डेढ़ साल पूर्व आया। इसके बाद फरार हो गया । उस पर इनाम भी घोषित हुआ । बाद में पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले कुछ समय से बागपत जेल में बंद है।