बागपत के बड़ौत के बिनौली रोड पर स्थित पुलिस चौकी के नजदीक एक डेयरी पर मंगलवार को देर रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोला। जाग होने पर बदमाश फायरिंग कर भाग निकले। मोहल्ले में मौजूद लाइसेंस धारकों ने भी हवाई फायर किए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे।
बिनौली रोड पर स्थित पुलिस चौकी के पीछे एक किसान ने यूपी सरकार की कामधेनु योजना में डेयरी खोल रखी है। मंगलवार की अर्द्धरात्रि में छह सशस्त्र बदमाश डेयरी की चहारदीवारी फांदकर घुसे और लूटपाट करने का प्रयास किया। जाग होने पर डेयरी में सो रहे लोगों ने शोर मचा दिया। इससे आसपास के लोग भी जाग गए। जाग होने पर बदमाश हवाई फायर कर भाग निकले। बदमाशों की फायरिंग के जवाब में मोहल्ले के लाइसेंस धारकों ने भी हवाई में कई फायर किए। गोलियों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। बदमाशों को तलाश किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। इस मामले में कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी। कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार ने कहा यदि कोई रिपोर्ट दर्ज करने आता है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।
घर में घुसकर महिला से कुंडल व चैन लूटी
छपरौली। क्षेत्र के रठौड़ा गांव में एक महिला ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि गांव के की दो लोगों ने उनके घर में घुसकर उनसे मारपीट की ओर गले की चैन और कुंडल भी लूट लिए। जब उसके पति ने विरोध किया तो उनके साथ भी गाली गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि इस घटना से उनका परिवार दहशत में है। महिला द्वारा तहरीर देकर पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इंस्पेक्टर दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रमोद और जोगिंद्र निवासी रठौड़ा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को दबोचने की कार्रवाई शुरू कर दी है।