बागपत के खेकड़ा के मुबारिकपुर मार्ग पर बुधवार को रात के समय करीब आठ बजे तीन बदमाशों ने घायल कर बाइक सवार मुबारिकपुर निवासी शिक्षक से मोबाइल और नगदी लूट ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार की रात्रि में करीब आठ बजे क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी शिक्षक दिनेश त्यागी पुत्र ब्रजनंदन त्यागी खेकड़ा स्थित एक कोचिंग सेंटर में बच्चों को पढ़ाकर बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जब वह मुबारिकपुर तिराहे पर पहुंचे, तभी वहां खडे़ तीन बदमाशों ने चाकू की नोंक पर शिक्षक को रोक लिया और लूटपाट करने लगे। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से शिक्षक के पेट और हाथ पर कई बार वार किया। इससे शिक्षक गंभीर घायल हो गए। बदमाश घायल शिक्षक से मोबाइल और एक हजार रुपये लूटकर भाग गए। हालांकि बदमाशों ने बाइक लूटने का भी प्रयास किया, अन्य राहगीरों के आने के कारण खेतों में भाग गए। वहां से गुजर रहे अन्य वाहन सवार घायल को लेकर खेकड़ा थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल की तहरीर पर अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और घायल को खेकड़ा सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे हायर सेंटर में भर्ती कराया। सूचना पर घायल के परिजन भी अस्पताल में पहुंचे।
किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोप
खेकड़ा। नगर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में दी तहरीर में कहा उसकी सोलह वर्षीय पुत्री को पंचलोक गाजियाबाद निवासी रोहित नामक युवक एक जनवरी 2017 को बहला फुसलाकर ले गया। कई बार आरोपी के परिजनों से भी आग्रह किया, लेकिन आरोपी के परिजन उन्हें झूठे आश्वासन देते रहे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।