बागपत। आदमपुर गांव में घर में घुसकर युवक पर हमला करने के मामले पर कार्रवाई करने के नाम पर रिश्वत लेने और बदसलूकी करने पर बामनौली चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल फंस गया। पीड़ित ने पुलिस वाले की करतूत की एसपी को वीडियो सुनाई। एसपी ने आरोपी हेड कास्टेबल को सस्पेंड कर दिया।
आदमपुर निवासी रोहित पुत्र चरण सिंह ने सोमवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर एसपी को बताया था कि वह तीन फरवरी की सुबह अपने घर पर सोया हुआ था। सुबह करीब छह बजे पड़ोस के ही कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। उसके दांत टूट गए और आंख पर भी चोट लगी थी। आरोपियों ने उस पर फायर किया था। वह बाल-बाल बचा था। बामनौली चौकी पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस वाले ने कार्रवाई करने के नाम पर उससे पांच हजार रुपये लिए, लेकिन मेडिकल तक नहीं कराया। आरोप है कि पुलिस कर्मी ने उससे और रुपये की मांग की। आरोप है कि आरोपी पुलिस वाले ने उसके साथ गालीगलौज कर अभद्रता की। पुलिस वाले की बनाई गई वीडियो को एसपी को सुनाई। एसपी अजय शंकर राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार को सस्पेंड कर दिया तथा सीओ को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।