बागपत के बिनौली और दरकावदा गांव में 10-12 सशस्त्र बदमाशों ने एक आश्रम और पशु व्यापारी के घर में डाका डाला। बदमाशों ने आश्रम और घर में मौजूद सभी लोगों को बंधक बनाकर नगदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल लूटकर ले गए।
बिनौली अमीनगर सराय मार्ग पर गांव के बाहरी छोर पर संत कबीर निर्णय आश्रम को 10-12 सशस्त्र बदमाशों ने निशाना बनाया और वहां मौजूद महात्माओं को हथियारों के बल पर बंधक बनाया। बदमाशों ने महात्मा सेवादार से 1500 रुपये की नगदी, मोबाइल, परमार्थ दास सेवादार से 300 रुपये की नगदी और मोबाइल, राम अवतार महात्मा से 700 की नगदी, मोबाइल, लूट ले गए। सोमवार की तड़के शोर मचाने पर लोगों ने महात्माओं को मुक्त कराया।
वहीं सशस्त्र बदमाशों ने रविवार की रात में दरकावदा गांव में पशु व्यापारी मुस्तकीम पुत्र मुम्तयाज के घर में चार दीवारी फांदकर घुसे। उसके यहां 19 फरवरी को बेटी की शादी भी होने वाली है, इसके लिए उसने 2.5 लाख रुपये की नगदी जोड़ी थी। जिसे बदमाश लूट ले गये। बदमाश यहंा से सोने-चांदी के जेवरात जिनकी कीमत 50 हजार रुपये बताई है उन्हें भी लूट ले गए। इस संबंध में पशु व्यापारी ने तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और यह मामला चोरी की धाराओं में दर्ज किया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
व्यापारी के मकान में लाखों की चोरी
चांदीनगर। रटौल गांव में लकड़ी व्यापारी के मकान से रविवार रात चोरों ने लाख रुपये और कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। रटौल के लकड़ी व्यापारी मुबारिक पुत्र रहीसूद्दीन ने बताया कि वह रविवार सुबह अपने परिवार के साथ अपनी ससुराल पड़ासौली (मुजफ्फरनगर) गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। सोमवार शाम घर लौटे तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे से 3.06 लाख रुपये और अन्य सामान गायब मिला। उनका कहना है कि चोरों ने मकान में रविवार रात चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने लकड़ी खरीदने के लिए रुपये इकट्ठे कर रखे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर ब्लेड पड़ा मिला। इससे पता चलता है कि चोरों ने ब्लेड से ताला काटा है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से केस का खुलासा करने की मांग की। चौकी प्रभारी बालेश शर्मा का कहना है कि चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।