बड़ौत (बागपत)।
बावली तिराहे पर शनिवार को सरेआम गांव से ई-रिक्शा में पढ़ने आ रही एक बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ बाइक पर सवार दबंग युवक ने अश्लील हरकतें कीं और उसे अगवा कर ले जाने का प्रयास किया। शोर मचाने पर वह युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। उसने रविवार को कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा नगर के एक स्कूल में पढ़ती है। वह अपने गांव से ई-रिक्शा में शनिवार को एक कॉलेज में पढ़ने आ रही थी। जैसे ही ई-रिक्शा बावली तिराहे पर रुकी तो बाइक पर एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की और बाद में उसे खींचकर बाइक पर ले जाने ा प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर वह युवक जान से मारने की धमकी देेकर भाग निकला। गांव में पहुंचकर युवक ने पीड़ित परिवार को धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो पूरे परिवार को जान से मार दूंगा तो पीड़ित परिवार अपने घर में भयभीत बैठा रहा। रविवार को साहस कर परिवार के लोग छात्रा को लेकर कोतवाली पहुंचे और दबंग युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।