डौला में वसूला जा रहा गुंडा टैक्स
बागपत। डौला गांव में ग्रामीणों से गुंडा टैक्स वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक सजायाफ्ता युवक गैंग बनाकर ग्रामीणों से अवैध वसूली करता है। ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के डौला गांव से काफी संख्या में ग्रामीण एसपी दफ्तर पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि गांव का ही एक सजायाफ्ता युवक पैरोल पर आया हुआ है। उसने अपना गैंग बना रखा है, जो ग्रामीणों से गुंडा टैक्स वसूलता है। घर में घुसकर जबरदस्ती महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व अश्लील हरकते करते हैं। ग्रामीणों को आतंकित करने के लिए घरों में ईंट-पत्थर फेंकते हैं। तमंचों से फायरिंग भी की जाती है। इनके ग्रामीण भयभीत है। कोई भी उनकी शिकायत करने की हिम्मत नहीं करता। 29 अगस्त को बदमाशों ने एक मकान की छत पर बैठ कर अफसर के घर में उसकी पत्नी पर टॉर्च की लाइट मारी और ईंट-पत्थर फेंके । उसने डौला पुलिस चौकी पर शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में फैय्याज, यामीन, ताहिर, रेश्मा, शबन, हुसनुमा, खातून, अफसर आदि शामिल रहे।