बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालते हुए एक युवक ने एक व्यक्ति का एटीएम बदल लिया और दो बार मेें 78 हजार रुपये निकाल लिए। जब उसके मोबाइल पर मैसेज आया तो उसे रुपये निकलने का पता लगा।
कोतवाली में दी तहरीर में नवाब पुत्र प्रभु निवासी मलकपुर ने बताया कि वह दिल्ली में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हैं। वह मंगलवार को दिल्ली-सहारनपुर हाइवे स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकलवाने के लिए आए थे तो बराबर मेें खडे़ एक युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया, जिसका उन्हें पता नहीं लगा। जब वे घर वापस आ गए तो उनके मोबाइल पर मंगलवार रात्रि 28 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। बुधवार को एक बार फिर उनके मोबाइल पर तीन बार मैसेज आए, जिनमेें 20-20 व 10 हजार रुपये निकाले गए थे। पुलिस ने बैंक पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली है, जिसमेें युवक का चेहरा आया हुआ है।