बड़ौत (बागपत)।
पट्टी चौधरान बड़ौत में एक कंपनी ने ऋण देने के नाम पर लाखों रुपये लोगों से जमा कराए और चोरी छिपे कंपनी के संचालक भाग निकले। इस संबंध में ठगी के शिकार हुए लोगों ने कोतवाली में तहरीर दी।
दो माह पहले पट्टी चौधरान बड़ौत में एसपी ग्रुप के नाम से एक कंपनी खुली थी। इसमें कुछ पैसा जमा करा ऋण देने का झांसा देकर कंपनी संचालकों ने 25-30 लोगों से लाखों रुपये जमा करा लिए। कुछ दिन बाद रुपये जमा करने वाले लोग ऋण लेने के लिए गए तो उन्हें टरकाते रहे। 6 जनवरी की रात में संचालक वहां से भाग निकले तो जिन लोगों ने पैसा जमा कराया , वे परेशान हो उठे और शनिवार को कोतवाली पहुंचे। उन्होंने एसपी ग्रुप कंपनी के संचालकों के खिलाफ तहरीर दी। इसमें हिलवाड़ी के बिल्लू ने 29 हजार, इस्सोपुर टील के वाजिद ने 28 हजार, बिचपड़ी गांव निवासी फरियाद ने 28 हजार, राजीव ने 20 हजार, कर्ण सिंह, सुंदर और चैकर ने भी 20-20 हजार रुपये जमा कराए । इसके अलावा अन्य लोगों के भी कंपनी में पैसे जमा है। उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।