बालैनी (बागपत)। मुकारी गांव में माता के जागरण से लापता आठ साल के देव का 42 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा। शनिवार को पुलिस और डॉग स्कवायड टीम ने हिंडन नदी किनारे और खेतों में छात्र को तलाश किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मुकारी गांव निवासी अधिवक्ता अमित त्यागी का भतीजा आरव उर्फ राजा उर्फ देव (8) कक्षा दो का छात्र है। बृहस्पतिवार को पड़ोस के ही एक बच्चे के जन्मदिन पर आयोजित जागरण में रात के समय गया । इसके बाद घर नहीं लौटा। इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरु कर दी थी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बालैनी थाने में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया । आशंका जताई जा रही है कि उसका अपहरण किया है। शनिवार को पुलिस ने ठात्र को हिंडन नदी किनारे और आसपास के खेतों में तलाश किया। इस दौरान डॉग स्कवायड भी शामिल रही, लेकिन उसका पता नहीं चला। एसपी जय प्रकाश ने कहा छात्र की बरामदगी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।