दोघट (बागपत)। यूपी डायल 100 पर तैनात सिपाही ने कस्बे में किराए के कमरे में अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोघट पुलिस ने उसे बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर किया।
अमरोहा निवासी सिपाही तैय्यब यूपी 100 डायल की रमाला क्षेत्र की पीआरपी पर तैनात है। उसने दोघट कस्बा में किराए पर कमरा ले रखा है। बुधवार शाम उसने कमरे में अपनी जान देने के इरादे से हाथ की नस काट ली। उसके चीखने की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग वहां पहुंचे। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। इसकी पुलिस को सूचना दी गई। दोघट पुलिस उसे बिनौली सीएचसी में लेकर पहुंची। वहां के चिकित्सकों ने उसे हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर किया। घायल सिपाही के पिता यूपी पुलिस में दरोगा है। उनकी फिलहाल मुजफ्फरनगर में तैनाती है। पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी है। दोघट थाना प्रभारी चितवन कुमार ने कहा सिपाही ने पारिवारिक परेशानी में ही हाथ की कस काटने का कदम उठाया है। मामले की जांच की जा रही है।
तीन माह में दो पुलिस वाले दे चुके हैं जान
बागपत। कचहरी सुरक्षा में तैनात एक सिपाही ने तीन माह पहले खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। इसके कुछ दिन बाद ही बिनौली थाने में फालोअर ने फांसी लगाकर जान दे दी थी।