बागपत। सरूरपुर कलां गांव में तालाब पर कब्जा दिलाने के लिए एक व्यक्ति से राजस्व विभाग के कई अधिकारियों के नाम पर सात लाख रुपये की रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल हुआ है। तालाब की भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। व्यक्ति पूर्व में तालाब पर कब्जा करने की कोशिश कर चुका है।
सरूरपुर कलां गांव में तालाब की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। गांव का ही एक व्यक्ति जमीन पर अवैध रूप से निर्माण करना चाहता है। कई दिन पहले मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम ने काम रुकवा भी दिया। इस संबंध में एक ऑडियो वायरल हुई है। ऑडियो में एक व्यक्ति इस विवाद का समाधान कराने के नाम पर सात लाख रुपये मांग कर रहा है। ऑडियो में बताया कि एक अधिकारियों से बात हो गई है। जब तक अफसर के पास रुपये नहीं पहुंचेंगे, समस्या का समाधान नहीं होगा। उसने यह तक कहा कि अफसर को रुपये की भूख है। बाद में पांच लाख रुपये देने की सहमति हुई। जल्दी तीन लाख रुपये का इंतजाम कर दो। ग्राम प्रधान जीत सिंह ने बताया कि रिश्वत मांगने की ऑडियो वायरल हुई है। इसमें कई अधिकारियों के नाम पर गांव के एक व्यक्ति ने रिश्वत मांगी है।
ऑडियो में लगाए गए आरोपी निराधार
बागपत। तहसीलदार रामनयन ने बताया कि तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली । कानूनगो राज कुमार को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रिश्वत की बात करने व ऑडियो वायरल होने की उनको जानकारी नहीं है। सभी आरोप निराधार है। कानूनगो राज कुमार ने बताया कि टीम भेजकर तालाब की जमीन पर अवैध निर्माण कार्य रुकवाया। आरोपी के खिलाफ तहसील कोर्ट में वाद दर्ज कराया जाएगा। रिश्वत मांगने ऑडियो की जानकारी नहीं है। आरोप गलत है।