परचून की दुकान में घुसकर परिवार पर हमला
बागपत। नया गांव हमीदाबाद में परचून की दुकान में घुसकर हमलावरों ने महिला दुकानदार समेत परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया और दुकान में तोड़फोड़ की। पीड़ित परिवार ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हमलावरों पर लूट का आरोप भी लगाया।
कोतवाली क्षेत्र के नयागांव निवासी लक्ष्मण ने बताया कि उनकी पत्नी गांव में परचून की दुकान चलाती है। रविवार देर रात गांव के ही कुछ युवक दुकान में घुसे और लाठी डंडो से हमला कर दिया। महिला का शोर सुनकर बेटे गौरव और सौरव पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। लक्ष्मण ने बताया कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की अंगुठी, पत्नी के सोने के कुंडल तथा दुकान पर रखी नगदी गायब हो गई। कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई मांग की। इस संबंध में कोतवाली इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते हुए गांव के ही दोनो पक्षों में झगड़ा हुआ था।