प्रेमी युगल की तलाश में पहुंची हरियाणा पुलिस
खेकड़ा। खेकड़ा नगर निवासी एक युवक द्वारा हरियाणा से बहलाकर लाई गई युवती की तलाश में हरियाणा पुलिस ने खेकड़ा में दबिश देकर प्रेमी युगल की तलाश की। लेकिन प्रेमी युगल पुलिस के हत्थे नही चढ सका। इसके बाद हरियाणा पुलिस बैरंग वापस लौट गई।
खेकड़ा नगर निवासी एक युवक हरियाणा के पानीपत में नौकरी करता है। आरोप है कि युवक छह दिन पूर्व हरियाणा निवासी एक युवती को बहलाकर ले आया। युवती के पिता ने युवक के खिलाफ पुत्री को बहलाकर ले जाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। तभी से हरियाणा पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है। पानीपत थाने की पुलिस ने बुधवार को खेकड़ा नगर में प्रेमी युगल की तलाश में आरोपी युवक के मकान पर दबिश दी। लेकिन प्रेमी युगल पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। इसके बाद पुलिस खाली हाथ लौट गई। एसआई महेश कुमार ने बताया कि प्रेमी युगल नहीं मिल पाया है।