बड़ौत (बागपत)।
बाइक पर सवार दो युवकों ने सीओ आफिस के पास देव नगर में रविवार की तड़के एक स्कूल के लिपिक के मकान को निशाना बनाकर फायरिंग की। इस दौरान मकान में रहने वालों ने कमरे में घुसकर जान बचाई। गोलियों की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग परेशान हो गए। फायरिंग के काफी देर बाद लोग घरों से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने एक बुलेट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सीओ कार्यालय के पास देव नगर में प्रदीप पुत्र विक्रम रहते हैं। वह किशनपुर बिराल के एक स्कूल में प्रधान लिपिक हैं। रविवार को सुबह पांच बजे प्रदीप परिवार के साथ सो रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने प्रदीप के मकान को निशाना बनाकर तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी, एक गोली प्रदीप की चारपाई से पास से दीवार मेें घुस गई, जबकि दूसरी गोली वॉसवेसन के पास लगी। भोर सुबह के समय गोलियों की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग परेशान हो गए। वहीं प्रदीप के परिजनों ने भी कमरे में घुसकर जान बचाई। फायरिंग करने वालों के चले जाने के काफी देर बाद लोग घरों से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। इसके पीछे रंजिश बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान से बुलेट बरामद की और दीवार पर निशान देखकर प्रदीप ने तहरीर दी। कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि तहरीर आ चुकी है, बुलेट आ चुकी है, कॉलोनी में भोर सुबह फायरिंग होने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।