दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में तीन माह पहले कामधेनु डेयरी पर हुई वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राहुल उर्फ टर्रा का 10 घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है।
एसओ दोघट चितवन कुमार ने बताया कि 30 अक्तूबर 2017 को निरपुड़ा गांव में कामधेनु डेयरी पर वृद्ध पीतम सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या की। पुलिस की जांच में पांच नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने मृतक के पौत्र निक्की और मोनू निवासी निरपुड़ा और निशांत खेकड़ा को जेल भेजा। जबकि मृतक का एक पौत्र भूपेंद्र जो उस समय भी जेल में बंद था, उस पर जेल से योजना बना कर हत्या का आरोप लगा । इसके अलावा आरोपी राहुल उर्फ टर्रा पुत्र इंद्रपाल निवासी गांगनौली ने एक सप्ताह पहले न्यायालय में आत्म समर्पण किया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने न्यायालय से उसका दस घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस निरपुड़ा के जंगल से बरामद किए हैं। पुलिस ने राहुल उर्फ टर्रा को न्यायालय में पेश किया।