बागपत। मेरठ रोड स्थित सिंडिकेट बैंक में आधार कार्ड बनवाने पहुंचे युवक ने हंगामा किया। बैंक में मोबाइल से कर्मचारियों की वीडियो बना ली। बैंक कर्मचारियों ने युवक को पकड़ लिया और सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। शाखा प्रबंधक ने युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया।
सिंडिकेट बैंक बागपत के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अतिन सिंह ने बताया कि बैंक में आधार कार्ड बनवाने का कार्य चल रहा है। मवी कलां गांव का युवक आधार कार्ड बनवाने के लिए आया। कर्मचारी ने उसे बृहस्पतिवार को आने के लिए कह दिया। इस पर युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही कर्मचारियों की मोबाइल से वीडियो बना ली। बैंक में वीडियोग्राफी करना प्रतिबंधित है। कर्मचारियों ने वीडियो बनाते समय युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। शाख प्रबंधक ने युवक के खिलाफ तहरीर दी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी भूदेव सिंह ने बताया कि आधार कार्ड बनवाने को लेकर युवक ने बैंक में हंगामा किया। कर्मचारी की मोबाइल से वीडियो भी बनाई। युवक ने बैंक अधिकारियों से माफी मांगी। इसके बाद उसे परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।