मोहल्ला ईदगाह में सोमवार की रात में चार-पांच युवकों ने जिम से लौट रहे दो भाइयों पर हमला बोल दिया। इस में एक युवक का पूरा जबड़ा हिल गया है। उसने कोतवाली में तहरीर दी।
शहर के ईदगाह मोहल्ला निवासी शाहिद पुत्र याकूब ने बताया कि वह अपने फुफेरे भाई साहिल पुत्र नफीस के साथ सोमवार की रात में साढ़े आठ बजे के लगभग जिम से लौट रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के ही चार-पांच युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। इसमें शाहिद के जबड़ा हिल गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायलों ने कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। उसने बताया कि फुफेरे भाई साहिल ने आरोपी के घर पर बिजली की फिटिंग की । तभी से उनके बीच रंजिश चल रही है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।