एसडीएम ने यमुना खादर में पकड़ा अवैध रेत खनन
बड़ौत। खेड़ी प्रधान यमुना खादर में अवैध रेत खनन के मामले उजागर होने के बाद एसडीएम ने पुलिस बल के साथ छापा लगाया तो आनंद ट्रेडर्स के नाम से बालू खनन करने का मामला अवैध पाया गया है। उसे तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। उन्होंने यमुना खादर से ओवरलोड दो ट्रैक्टर-ट्रोलियों को सीज कराया है।
एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने पुलिस बल के साथ खेड़ी प्रधान यमुना खादर में जाते समय बड़ौत के नजदीक ही रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रोलियां पकड़ीं जो आनंद ट्रेडर्स के नाम से पर्ची कटवाकर रेत ला रहे थे। रेत से लदे वाहन ओवरलोड भी मिले। उन्होंने एआरटीओ आरपी मिश्रा को बुलाकर दोनों वाहनों को सीज कराया और एमबीएच में चालान कराकर बड़ौत कोतवाली को सौंप दिया है। इसके बाद उन्होंने खेड़ी प्रधान यमुना खादर में देखा तो वहां आनंद ट्रेडर्स नाम से कोई बालू खनन की स्वीकृति नहीं थी जबकि मैसर्स श्याम ट्रेडर्स जैना राम के नाम से हरियाणा सीमा में रेत का खनन हो रहा है। इसकी जांच भी कराई गई। वह सही पाया गया।