महिला से पर्स छीना और हमला किया
बड़ौत। जनपद गाजियाबाद के लोनी से भाई से उधार लिए 20 हजार रुपये लौटाने बड़ौत आई एक महिला के हाथ से नगदी भरा पर्स छीनकर युवक भाग निकला। महिला और उसके भाई ने पुलिस के साथ उसका पीछा किया और काशी राम कालोनी में उसे घेर लिया। लेकिन युवक और उसके परिजनों ने पुलिस के सामने ही भाई-बहन पर हमला बोल दिया और उनकी पिटाई कर घायल कर दिया। इसके बाद वे फरार हो गए।
जरीना पत्नी अफसर लोनी जनपद गाजियाबाद की रहने वाली है। उसने कुछ दिन पूर्व अपने भाई से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार को वह लोनी से बस द्वारा बड़ौत में बस स्टैंड पर उतरी और पैदल ही अपने भाई फिरोज के घर जा रही थी। तभी छपरौली चुंगी के पास एक युवक पीछे से आया और उसका पर्स छीनकर भाग निकला। उसने अपने भाईयों को इसकी सूचना दी। भाई पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचा और भागते युवक का पीछा किया तो युवक काशी राम कालोनी में घुस गया। जब वे वहां पहुंचे तो युवक व उसके परिजनों ने भाई-बहन को पुलिस की मौजूदगी में मारपीट कर भाग निकले।