बागपत। बाछौड़ गांव का ग्रामीण अपने चार बच्चों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचा। डीएम भवानी सिंह खंगारौत से मिलकर कहा कि उसकी पत्नी घर से चली गई है, वह अपने बच्चों की परवरिश नहीं कर पा रहा है। इन बच्चों को अनाथ आश्रम में छुड़वा दें। ताकि इनका पालन-पोषण सही हो सके। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने ग्रामीण को समझाया और स्कूल में बच्चों का नि:शुल्क एडमीशन की बात कही। इसके बाद ग्रामीण लौट गया।
छपरौली ब्लॉक के बाछौड़ गांव निवासी उपेंद्र पुत्र राज सिंह बुधवार को अपने चार बच्चों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचा। डीएम भवानी सिंह खंगारौत को शिकायती पत्र सौंपा। अवगत कराया कि उसकी पत्नी दो माह पहले घर छोड़कर चली गई । काफी प्रयास किया, लेकिन घर लौटने को तैयार नहीं है। इस कारण वह अपने चार बच्चों का सही प्रकार से पालन पोषण नहीं कर पा रहा है। वह इन बच्चों को स्कूल भी नहीं भेज पा रहा है। उपेंद्र ने बच्चों को अनाथ आश्रम में भेजने की मांग की है, ताकि बच्चों का पालन पोषण सही प्रकार से हो सके। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देशित दिए। प्रोबेशन अधिकारी विमल कुमार ढाका ने पिता को समझा बुझाकर बच्चों को दाखिला विद्यालयों में कराने के लिए बीएसए येागराज सिंह के पास भेजा। आश्वासन दिया कि उसकी बेटी का प्रवेश कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कराया जाएगा।