बागपत। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखी पोस्ट डालने का मामला सामने आया है। खेकड़ा थाना क्षेत्र के रटौल गांव निवासी युवक के फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डाली गई है। क्षेत्रवासियों ने रटौल पुलिस चौकी पर आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के भगोट गांव निवासी प्रमोद गुर्जर ने बताया कि पुलवामा में आतंकी हमले में जवानों की शहादत को लेकर देश में गम और गुस्सा है। देश भर में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे है, लेकिन कुछ लोग देश के खिलाफ जहर उगलने से बाज नहीं आ रहे। अपने ही देश व सैनिकों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं। रटौल गांव के शौकीन खान उर्फ प्रधान के फेसबुक एकाउंट पर आपत्तिजनक पोस्ट डाली गई है। इसमें लिखा है कि पाकिस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा। इसके बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। रटौली चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। चौकी प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।