बागपत। क्षेत्र में जंगली जानवरों के शिकार करने का फिर खुलासा हुआ है। शिकारियों ने बुधवार की रात में सूजरा गांव के जंगल में बारहसिंगा को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। किसानों ने वन विभाग को मामले की जानकारी दी। वन विभाग ने हिरन का पोस्टमार्टम कराया और शव को दफनाया। जांच टीम ने इस संबंध में कुछ किसानों से पूछताछ भी की।
बृहस्पतिवार को सुबह करीब सात बजे सूजरा गांव के जंगल में ग्रामीणों ने बारहसिंगा मृत पड़ा देखा। ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस के अफसरों को मामले की जानकारी दी । सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही बागपत के रेंज अधिकारी राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नर बारहसिंगा का शव उठाकर डीएफओ कार्यालय लाए। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रकरण से अवगत कराया । सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. सुबोध पंवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मृत बारहसिंगा का पोस्टमार्टम किया। डॉ. पंवार ने बताया बारहसिंगा को गोली मारी। कूल्हे में गोली लगने से बारहसिंगा की दोनों तरफ की हड्डियां टूट गई, इस कारण बारहसिंगा मूवमेंट नहीं कर सका और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। पशु चिकित्सक सुबोध पंवार ने बताया बारहसिंगा का बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पोस्टमार्टम किया। इससे करीब 18 घंटे पहले बारहसिंगा का शिकार किया गया है। यानि बुधवार को शाम करीब छह बजे बारहसिंगा को गोली मारी गई है।
दूसरी तरफ रेंज अधिकारी राजेश कुमार ने बताया वन रक्षक ओम सिंह की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम सूजरा, नौरोजपुर गुर्जर और आसपास के क्षेत्र में रहकर किसानों से जानकारी जुटा रही है। शिकार करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद बारहसिंगा के शव को दफना दिया ।