पाली गांव में पांच लोगों ने घर में घुसकर प्रधान के भाई और भाभी पर हमला बोल दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पाली गांव के प्रधान कमल ने बताया कि रविवार को सुबह के समय मामूली विवाद के बाद पड़ोस में रहने वाले पांच लोगों ने घर में घुसकर उसके भाई अजीत पर लाठी-डंडों से हमला किया। इसमें वह घायल हो गया। बचाव में आई भाभी सुषमा को भी मारपीट कर घायल कर लिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। प्रधान ने आरोपी प्रदीप, प्रभात, प्रिंस, कुलदीप और अजब सिंह निवासी पाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। घायलों का पुलिस ने इलाज कराया और जांच शुरू कर दी।
बच्चे से मोबाइल छीना, देवर-भाभी को पीटा
बागपत। असारा गांव निवासी गुलफाम पुत्र यासीन ने बताया कि वह परिवार सहित लधवाड़ी गांव में ईंट भट्ठे पर काम करता है। शनिवार को उसके छह साल के बेटे मूसा से एक युवक मोबाइल छीन ले गया। वह जब उससे मोबाइल मांगने गए तो उन्होंने हमला बोल दिया। जिसमें उसकी पत्नी रूबी व भाई इरफान घायल हो गए। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।